380 बालक-बालिका खिलाड़ियों को मिला खेल सामग्री, अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
लातेहार।
लातेहार जिला खेल कार्यालय द्वारा संचालित जिले के कुल 15 आवासीय एवं डे-बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्रों के खिलाड़ियों के बीच खेल किट का वितरण किया गया। खेल किट वितरण कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री प्रवीण कुमार गगराई एवं जिला खेल पदाधिकारी श्री अविनेश कुमार त्रिपाठी ने खिलाड़ियों को खेल सामग्री प्रदान की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना एवं उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
380 खिलाड़ियों को मिला खेल किट
लातेहार जिले में संचालित 03 आवासीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र, 12 डे-बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र एवं 01 खेलो इंडिया प्रशिक्षण केंद्र के कुल 380 बालक-बालिका खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान किया गया।
इनमें लातेहार जिला मुख्यालय स्थित आवासीय बालक एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र, डे-बोर्डिंग बालक-बालिका वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र, डे-बोर्डिंग बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र, चंदवा प्रखंड के डे-बोर्डिंग बालक-बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, महुआडांड़ के आवासीय हॉकी क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र, आवासीय बालिका एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र, डे-बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र महुआडांड़ तथा डे-बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र गारू शामिल हैं।
खेल सामग्री का विवरण
सभी 380 खिलाड़ियों को ट्रैकसूट, टी-शर्ट, जूता, जर्सी सेट के साथ-साथ हॉकी स्टिक, हॉकी बॉल, वॉलीबॉल, वॉलीबॉल नेट, बैडमिंटन रैकेट, स्टल एवं फुटबॉल जैसी आवश्यक खेल सामग्री प्रदान की गई।
कई प्रशिक्षक एवं खेल पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला खेल समन्वयक लखेश्वर मंडल, आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक आलोक कुमार सिंह, वॉलीबॉल प्रशिक्षक प्रवीण मिश्रा, हॉकी प्रशिक्षक अमित रंजना मिंज, सरिता एक्का, जीवन किशोर मिंज, सुधीर खाखा, फुटबॉल प्रशिक्षक सुमित उरांव एवं सुरेश उरांव सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।