गोमिया:
झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गोमिया प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने साड़म पूर्वी पंचायत में लालबाँध से नैनाटांड़ तक मुख्यमंत्री सड़क योजना मद से स्वीकृत पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही होसिर पूर्वी पंचायत के ग्राम होसिर में बड़का अहरा तालाब तथा सियारी पंचायत के ग्राम उदा में तालाब जीर्णोद्धार कार्य का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल स्रोतों के संरक्षण एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कृतसंकल्पित है।
उन्होंने कहा कि “जल ही जीवन है और जल स्रोतों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” सरकार जनसहयोग से गांव-गांव तक विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी ऐसे जनहितकारी कार्य लगातार किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुखिया अनारकली, मुखिया सावित्री देवी, मुखिया रामवृक्ष मुर्मू, अशरफ अली, नागेश्वर चौधरी, रामकिशुन रविदास, पूर्व प्रखंड प्रमुख गुलाबचंद हांसदा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।