लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और पारदर्शिता पर दिया गया जोर
गढ़वा। प्रतिनिधि — अनूप कुमार गुप्ता,
गढ़वा : झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति के गढ़वा आगमन पर जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत गढ़वा परिषदन के सभा कक्ष में समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सह मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने की। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं प्रशासनिक कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान समिति ने अनुकम्पा आधारित नियुक्ति, विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाओं, जनसेवा से जुड़े मामलों सहित अन्य लंबित विषयों पर विस्तार से चर्चा की। समिति ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों को समय पर लाभ मिल सके।
समिति ने प्रशासनिक व्यवस्था की स्थिति, योजनाओं के पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यालयीय कार्यप्रणाली तथा अधिकारियों और कर्मियों के नैतिक आचरण पर विशेष बल दिया। सदस्यों ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में ईमानदारी, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है, विशेषकर उन मामलों में जो सीधे आम जनता से जुड़े हों। इसके साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने समिति को जिले में संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन कर रहा है तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
बैठक के समापन अवसर पर सदाचार समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और आवश्यक सुझाव भी दिए। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा प्रशासनिक सुधारों को लेकर दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता धर्मेंद्र कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।