चाईबासा: सदर अस्पताल में ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर एक ग्रामीण से ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में देवांव गांव निवासी बुगराम गोप ने शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, उनकी पत्नी ललिता गोप का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। चिकित्सकों द्वारा खून की व्यवस्था करने की सलाह दिए जाने पर बुगराम गोप अस्पताल स्थित ब्लड बैंक पहुंचे, लेकिन वहां तत्काल रक्त उपलब्ध नहीं था। इसी दौरान एक युवक ने उनसे संपर्क कर जल्द ब्लड उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने विश्वास में लेकर बुगराम गोप से ₹4700 ले लिए और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके आधार पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया।
अगले दिन जब बुगराम गोप दोबारा ब्लड बैंक पहुंचे, तब उन्होंने उसी युवक को वहां देख लिया। इसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान संजय सोलंकी (27 वर्ष) के रूप में हुई। वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुड़साई स्थित सेमसन देवगम के मकान में किराये पर रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 304 के तहत दर्ज मामले में न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
चाईबासा पुलिस की अपील:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अस्पताल या अन्य किसी भी स्थान पर अनजान व्यक्तियों के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 या मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।