बरहड़वा।बरहड़वा थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए राजमहल थाना क्षेत्र के सरकंडा निवासी सात युवकों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर सरकंडा निवासी मिथुन कुमार, श्रीकांत कुमार, अंकित कुमार, विष्णु कुमार, रवि कुमार, नितेश कुमार एवं प्रशांत कुमार मंगलवार देर रात बरहरवा थाना क्षेत्र के नूराई गांव पहुंचे। आरोप है कि वहां उन्होंने सुशांत प्रमाणिक एवं उनके रिश्तेदारों के साथ मारपीट व तोड़फोड़ की तथा एक युवक को जबरन स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर राजमहल की ओर ले जाने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्कॉर्पियो वाहन को घेर लिया और अपहृत युवक टोटन प्रमाणिक को आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित मुक्त कराया।
इस संबंध में सुशांत प्रमाणिक के आवेदन पर बरहरवा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
घटना में नूराई निवासी राजा प्रमाणिक एवं तूफान प्रमाणिक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उपस्थित चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सोहेल अनवर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मारपीट एवं अपहरण के मामले में सभी सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।