कोटालपोखर। प्रखंड के बड़ा सोनाकंड, मयूरकोला, पलासवोना और रुपोसपुर पंचायत भवनों में सोमवार को आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष जनकल्याण अभियान का उद्देश्य गांव-गांव में सरकारी सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाना है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सीओ बरहरवा अमित कुमार, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बरकत खान तथा 20 सूत्रीय अध्यक्ष अशोक दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इनमें जाति प्रमाण पत्र, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड आवेदन, बिजली से संबंधित परेशानी, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन समेत कई सेवा काउंटर शामिल थे। अधिकारियों और कर्मियों ने मौके पर ही लाभुकों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का तत्क्षण निपटारा किया गया। कई लंबित आवेदनों को भी स्वीकृति प्रक्रिया में आगे बढ़ाया गया।
इसके साथ ही शिक्षा विभाग की ओर से स्कूली छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया, जिससे छात्राओं में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इस तरह के शिविर को लाभकारी बताते हुए कहा कि एक ही स्थान पर सभी सेवाएं मिलने से समय और खर्च दोनों की बचत होती है।
कार्यक्रम में मुखिया रोजीना खातून, कोपरा टुडू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर, रमजान अली, महबूब सेख सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेजों को समय पर अपडेट करवाएं।