📍 बालूमाथ/कोमर (संवाददाता):
बालूमाथ प्रखंड के झाबर पंचायत अंतर्गत कोमर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की जर्जर छत का हिस्सा गिरने की घटना को जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने गंभीरता से लिया है। इस घटना में मासूम बच्चे बाल-बाल बच गए, जिसे लेकर उन्होंने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
जिप उपाध्यक्ष ने कहा कि मासूम बच्चों, गर्भवती महिलाओं और आंगनबाड़ी कर्मियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इसे प्रशासनिक उदासीनता का गंभीर उदाहरण बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनीता देवी ने लातेहार के जिला समाज कल्याण पदाधिकारी तथा बालूमाथ के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ, प्रभारी सीडीपीओ) से दूरभाष पर संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला मुख्यालय को तुरंत प्रतिवेदन भेजकर भवन की अविलंब मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में अनीता देवी ने कहा,
“आंगनबाड़ी केंद्र की जर्जर छत का गिरना बेहद खतरनाक लापरवाही है। गनीमत रही कि बच्चे सुरक्षित हैं। प्रशासन को किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार नहीं करना चाहिए। मैंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बिना देरी के रिपोर्ट भेजकर भवन को तुरंत दुरुस्त कराया जाए।”
ज्ञात हो कि भवन की खराब स्थिति के कारण गांव में भय का माहौल बना हुआ है। इसके चलते बच्चों का पठन-पाठन, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और पोषाहार वितरण जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। जिप उपाध्यक्ष ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि मामले की निगरानी लगातार की जा रही है और जल्द ही सुरक्षित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।