पतना। रांगा थाना क्षेत्र के आमगाछी गांव में सोमवार को जमीन विवाद के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प में तीर चलने की घटना सामने आई है। इस दौरान विवाद देखने गई एक महिला तीर लगने से घायल हो गई।
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, लीला मुर्मू और कार्तिक हेम्ब्रम के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान एक पक्ष द्वारा चलाए गए तीर से बसंती सोरेन (42) नामक महिला के बाएं कंधे में तीर लग गया।
सौभाग्यवश तीर महिला के कंधे में गहराई तक नहीं घुसा, जिससे वह बाल-बाल बच गई। यदि तीर थोड़ा अंदर लगता, तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को बरहड़वा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि शिकायत आवेदन प्राप्त होने की प्रक्रिया चल रही है और मामले की छानबीन की जा रही है।