हाइड्रा से घंटों मशक्कत के बाद केबिन से निकाला गया शव
लातेहार। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लुकुइया घाटी में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें सरिया लदे दो ट्रकों की भीषण टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल चंदवा पुलिस को इसकी सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रक राउरकेला से उत्तर प्रदेश की ओर सरिया लेकर जा रहे थे। आगे चल रहा 14 चक्का ट्रक (संख्या यूपी 75 एटी 3909) सरिया से लदा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रहे 16 चक्का ट्रक (संख्या आरजे 11 सीजी 1994) का ब्रेक अचानक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में लदा सरिया आगे वाले ट्रक के केबिन को चीरते हुए अंदर घुस गया, जिससे चालक उसमें बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश यादव के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे में घायल उमेश यादव (28 वर्ष), दीपक तिवारी (27 वर्ष) तथा रिंकु यादव (25 वर्ष) को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।
मृतक का शव ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। प्रशासन ने हाइड्रा मशीन की सहायता से केबिन को काटकर घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पीछे वाले ट्रक का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।