गोमिया। गोमिया थाना क्षेत्र के गवर्नमेंट कॉलोनी निवासी सुमित कुमार ठाकुर से अमन सिंह गैंग के नाम पर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में 30 जून को आई.ई.एल गोमिया थाना प्रभारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
सुमित कुमार ठाकुर ने अपने आवेदन में बताया कि 29 जून 2026 की रात करीब 10:06 बजे उनके मोबाइल पर नंबर 8570072470 से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को अमन सिंह गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि उनके बड़े भाई धीरज कुमार ठाकुर, जो बीपीएससी शिक्षक हैं और वर्तमान में गया में पदस्थापित हैं, के नाम पर दस दिनों के भीतर 10 लाख रुपये की व्यवस्था की जाए।
कॉलर ने यह भी धमकी दी कि यदि निर्धारित समय के अंदर पैसे नहीं दिए गए या पुलिस को इसकी सूचना दी गई, तो जान से मार दिया जाएगा।
इस मामले में आई.ई.एल गोमिया थाना प्रभारी श्यामल मंडल ने बताया कि मामला गया से संबंधित प्रतीत होता है, क्योंकि जिनके नाम पर फिरौती मांगी गई है, वे गया में पदस्थापित हैं। इसके बावजूद आवेदन मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित थाना से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।