निर्माण शुरू नहीं करने पर वापस ली जाएगी राशि, पात्र लाभुकों को दी जाएगी प्राथमिकता
घाघरा।
घाघरा प्रखंड के चपका पंचायत अंतर्गत अंधराडीह गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभुकों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) श्री दिनेश कुमार ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि लाभुक लोहरा उराँव, चतुर महली एवं सतैन देवी को तीन से चार माह पूर्व आवास निर्माण हेतु सरकारी राशि हस्तांतरित की जा चुकी है, किंतु अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने लाभुकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वे 1 अगस्त तक कार्य प्रारंभ नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ श्री कुमार ने कहा कि “जो लाभुक आवास निर्माण में देरी कर रहे हैं, उन्हें दी गई राशि सरकार को वापस करनी होगी। साथ ही यह राशि उन लाभुकों को दी जाएगी जिन्हें आवास की अत्यधिक आवश्यकता है।”
निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव शंकर खेरवार, सहायक अशोक कुमार एवं स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे।