लातेहार.डीएवी पब्लिक स्कूल, लातेहार के नए विद्यालय भवन निर्माण की दिशा में रविवार को अहम कदम उठाया गया। नए परिसर के निर्माण के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम कुमार सहाय ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ ही परिसर की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण भी शुरू हो गया है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में विद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने वाले लाल आशीष नाथ शाहदेव और उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर शिक्षक प्रभात रंजन, अजीत कुमार, अजीत कुमार साहू, निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक तथा विद्यालय के कार्यालय कर्मियों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अतिथियों के बीच मिठाइयां बांटी गईं। पूरे आयोजन में नए विद्यालय भवन को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि नए भवन में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सकेगा। साथ ही कक्षा 9वीं और 10वीं के संचालन के लिए सीबीएसई, नई दिल्ली से मान्यता, पंजीकरण और अन्य आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
प्राचार्य घनश्याम कुमार सहाय ने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक संसाधनों से युक्त शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विद्यालय नए भवन में संचालित होगा और क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल, लातेहार भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।