लातेहार: बालूमाथ थाना क्षेत्र के टोरी-शिवपुर रेलवे रेलखंड पर नगड़ा ओवरब्रिज के पास सोमवार सुबह एक अज्ञात महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा पोल संख्या 21/28 और 30 के बीच हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जांच के दौरान घटनास्थल से एक बोरा मिला, जिसमें प्लास्टिक की बोतलें, पुराने कपड़े, खाने-पीने का सामान, कुछ नकदी और एक जोड़ी चप्पल बरामद हुई। पुलिस का मानना है कि महिला कबाड़ बीनकर अपना जीवनयापन करती थी।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। नियम के अनुसार शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। इस दौरान कोई दावा नहीं होने पर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
पुलिस आसपास के इलाकों में महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है। मौके पर सब इंस्पेक्टर अमित कुमार सहित पुलिस और रेलवे विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।