पाकुड़ संवाददाता।
पाकुड़ में 19 जुलाई को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर पुलिस केंद्र, पाकुड़ में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वारा परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को विशेष ब्रीफिंग दी गई।
ब्रीफिंग के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी पुलिसकर्मी 19 जुलाई की सुबह 6 बजे तक अपने-अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर ड्यूटी संभालेंगे। साथ ही परीक्षा समाप्ति के बाद भी तब तक केंद्रों पर तैनात रहेंगे, जब तक प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिकाओं सहित सभी परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रूप से कोषागार या वज्रगृह के लिए रवाना नहीं कर दिया जाता।
पुलिस अधिकारियों को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की एजेंसी के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। गश्ती दल को परीक्षा सामग्री को समय से पहले सुरक्षित रूप से केंद्रों तक पहुंचाने तथा परीक्षा समाप्ति के बाद उसे सुरक्षित कोषागार और वज्रगृह तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने देने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।