लातेहार संवाददाता।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक लातेहार के निर्देशानुसार महुआडांड़ थाना क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम ओरसा पंचायत भवन में एसडीपीओ महुआडांड़, थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दहेज उत्पीड़न, मानव तस्करी, डायन प्रथा, साइबर अपराध, बाल मजदूरी, अवैध जावा महुआ शराब के निर्माण एवं बिक्री, सड़क सुरक्षा, जमीन विवाद, नशा उन्मूलन तथा डायल-112 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामीणों को इन अपराधों से बचाव एवं कानून का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
इसके साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच टॉफी एवं बिस्कुट का वितरण भी किया गया, जिससे उनमें उत्साह देखने को मिला।
वहीं, आयोजन स्थल पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) महुआडांड़ के सहयोग से मेडिकल टीम को बुलाकर बरसाती बीमारियों से ग्रसित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया, बल्कि ग्रामीणों के बीच विश्वास और जागरूकता भी बढ़ाने का प्रयास किया।