बोकारो/तेनुघाट:
अधिवक्ता संघ के भवन निर्माण के लिए जमीन आवंटन को लेकर तेनुघाट अधिवक्ता संघ का प्रतिनिधिमंडल बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा से जिला कार्यालय में मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भवन निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने की मांग रखी।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कामेश्वर मिश्रा और महासचिव वकील प्रसाद महतो ने उपायुक्त से मुलाकात के बाद बताया कि वार्ता सकारात्मक रही और प्रशासन द्वारा जल्द ही जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया है।
महासचिव प्रसाद महतो ने जानकारी दी कि जिले में अधिवक्ताओं के लिए भवन निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसमें संवेदक को तेनुघाट में भी निर्माण कार्य करना है। इसके लिए आवश्यक है कि जमीन जल्द उपलब्ध कराई जाए, ताकि दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य एक साथ शुरू किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि तेनुघाट क्षेत्र की अधिकांश जमीन जल संसाधन विभाग के अधीन है। ऐसे में किसी भी निर्माण कार्य से पूर्व विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य है। इसी प्रक्रिया को तेज करने के उद्देश्य से उपायुक्त से मुलाकात की गई।
अधिवक्ता संघ को उम्मीद है कि प्रशासन के सहयोग से जल्द ही जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी और भवन निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सकेगा।