जमशेदपुर : ब्रह्माकुमारीज बिष्टुपुर सेवा केंद्र में पाँच दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ हुआ ।यह शिविर 23 मई से 27 मई तक प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रशिक्षण केन्द्र प्रमुख नारायण कुमार झा , मुद्रा स्कूल ऑफ डांस आर्ट म्यूजिक के निदेशक सरोज अग्रवाल , डी.एन. कमानी उच्च विद्यालय, बिष्टुपुर के प्राचार्य गालू गोराई , आंध्रा भक्ता श्रीरामम मंदिरम की प्रधानाध्यापिका सीएच निशा वाणी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इसका उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में नैतिक मूल्यों, जीवन कौशल एवं श्रेष्ठ नागरिक बनने की भावना का विकास करना है।
शिविर में डिजिटल वेलनेस, आर्ट एंड क्राफ्ट, वेस्ट टू बेस्ट, राजयोग मेडिटेशन, सात्विक नॉन-फायर कुकिंग, पॉजिटिव थॉट्स, वैल्यू गेम्स, वृक्षारोपण, डिवाइन फैंसी ड्रेस, म्यूजिकल योगा तथा आध्यात्मिक ज्ञान के साथ अनेकों मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की जाएगी।
शिविर के प्रथम दिन बीके आभा बहन ने “ हमारे विचार जीवन का आधार ” विषय पर प्रेरणादायक सत्र लीं , जबकि बीके प्रियंका बहन ने बच्चों के लिए गतिविधियों सहित “ डिजिटल वेलनेस ” विषय पर रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारियों से बच्चों को अवगत करायीं।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं बच्चों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु अत्यंत उपयोगी बताया।