विशुनपुरा(गढ़वा)। प्रतिनिधि — अनूप कुमार गुप्ता,
विशुनपुरा (गढ़वा)। गढ़वा जिले में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर सामने आया है। जिले में कुल 810 पदों पर गृह रक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसमें विशुनपुरा प्रखंड के लिए सर्वाधिक 74 पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 37 पद पुरुष एवं 37 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।
विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बहाली जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 26 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होगी। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से आवेदन कर सकते हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु सीमा 19 वर्ष से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में न्यूनतम सातवीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद एवं गोला फेंक जैसे इवेंट आयोजित किए जाएंगे। इन सभी परीक्षाओं के आधार पर मेधा सूची तैयार की जाएगी, जिसके अनुसार अंतिम चयन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 100 अंकों की हिंदी लेखन परीक्षा भी आयोजित होगी, जिसमें न्यूनतम 30 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
थाना प्रभारी राहुल सिंह ने क्षेत्र के सभी योग्य युवक-युवतियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अभी से नियमित अभ्यास, शारीरिक फिटनेस और हिंदी लेखन पर ध्यान देकर अपनी तैयारी शुरू करें, ताकि चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की जा सके।