बरहड़वा। बरहड़वा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रामनगर लेम्पस में धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, कार्यकारी बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार दास, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू एवं लेम्पस सोसायटी अध्यक्ष सोपान किस्कू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि बरकत खान एवं अशोक कुमार दास ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को उनकी धान फसल का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्र रामनगर लेम्पस में धान अधिप्राप्ति केंद्र खोला गया है, जहां किसान सरकारी दर पर अपना धान बेच सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों के हाथों धान न बेचकर सीधे लेम्पस में धान की बिक्री करें।
रामनगर लेम्पस के सचिव सिद्धार्थो घोष ने बताया कि रामनगर लेम्पस को दो हजार क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा धान खरीद पर बोनस सहित 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित किया गया है।
बीसीओ मनोज कुमार ने जानकारी दी कि बरहड़वा प्रखंड क्षेत्र में बरहड़वा, रामनगर एवं विशनपुर लेम्पस में धान अधिप्राप्ति केंद्र खोले गए हैं। रामनगर लेम्पस में आज से धान की खरीद शुरू कर दी गई है, जबकि बरहड़वा लेम्पस में भी शीघ्र ही खरीद शुरू की जाएगी। वहीं विशनपुर लेम्पस में अध्यक्ष पद रिक्त होने के कारण फिलहाल धान की खरीद शुरू नहीं की जाएगी।
मौके पर कनिय अभियंता सोयेब अख्तर, शमशेर अली, मो. दाऊद, मो. अनारूल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।