रांची। कृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर फिरायालाल चौक पर होने वाली हांडी फोड़ प्रतियोगिता शनिवार को स्थगित कर दी गई। आयोजन समिति ने बताया कि इस प्रतियोगिता में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे, लेकिन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के कारण आयोजित शोक कार्यक्रमों में व्यस्त रहने से वे नहीं पहुंच सके।
राज्यपाल की अनुपस्थिति को देखते हुए आयोजन समिति ने प्रतियोगिता स्थगित करने का निर्णय लिया। अब यह कार्यक्रम कल राज्यपाल की उपस्थिति में आयोजित होगा।
आयोजकों का कहना है कि राज्यपाल की मौजूदगी से प्रतियोगिता का महत्व और बढ़ जाएगा और श्रद्धालु इसे और अधिक उत्साह से देख सकेंगे।
इस बीच कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और झांकियों का आयोजन पहले की तरह जारी रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उल्लास और भक्तिभाव के साथ कान्हा के जन्मोत्सव का आनंद लिया।