Breaking NewsjharkhandJharkhand NewsLATEHARकांग्रेस

मनिका में कांग्रेस की बैठक,प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो की मौजूदगी में प्रखंड प्रमुख प्रतिमा देवी ने थामा पार्टी का दामन

मनिका, प्रतिनिधि।
आगामी चुनावी गतिविधियों और संगठन विस्तार को लेकर शुक्रवार को मनिका स्थित लोहिया भवन में कांग्रेस प्रखंड कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो, प्रदेश प्रभारी के. राजू, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी, चतरा लोकसभा प्रभारी भीम कुमार, जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव एवं प्रखंड अध्यक्ष दरोगी प्रसाद यादव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक के दौरान कांग्रेस को उस समय राजनीतिक बढ़त मिली, जब मनिका प्रखंड प्रमुख प्रतिमा देवी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। नेताओं ने बुके देकर उनका स्वागत किया। स्थानीय राजनीतिक हलकों में इसे कांग्रेस के लिए सकारात्मक संकेत और संगठनात्मक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।

बैठक में 15 पंचायतों से पहुंचे कार्यकर्ताओं एवं बीएलए को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी के. राजू ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जिन मतदाताओं का नाम सूची से हट गया है, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ पुनः जोड़ने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाए।

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो ने संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। वहीं विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों पर संघर्ष कर रही है और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष विश्वनाथ पासवान, जिला महासचिव सुरेंद्र भारती, जिला सचिव तस्लीम अंसारी, युवा कांग्रेस जिला महासचिव मिथिलेश पासवान, सेवादल जिला अध्यक्ष वृन्द बिहारी यादव, पूर्व मुखिया संजय सिंह, राजेंद्र यादव, अंजू यादव, अरुण सिंह, गुलाम हुसैन, सरवर अंसारी, अकबर अंसारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button