सतबरवा/प्रतिनिधि दिनेश कुमार यादव की रिपोर्ट,
पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र अंतर्गत धावाडीह पंचायत में वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद ने एक बार फिर उग्र रूप ले लिया। विवादित जमीन पर गृह निर्माण कार्य शुरू होते ही दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त भूमि पिछले 8 से 10 वर्षों से विवादित है और मामला न्यायालय में लंबित है। अब तक किसी भी पक्ष के पक्ष में फैसला नहीं आया है। इसके बावजूद न्यायालय के आदेश की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना पर सामाजिक कार्यकर्ता अशोक यादव मौके पर पहुंचे और स्पष्ट रूप से कहा कि न्यायालय के आदेश के बिना किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
झड़प के दौरान लाठी-डंडों सहित अन्य नुकसानदेह वस्तुओं का प्रयोग किया गया। अशोक यादव ने बताया कि वे मात्र दो लोग थे, जबकि दूसरे पक्ष की संख्या 8 से 10 के बीच थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संख्या बल के आधार पर उन्हें दबाने और मारपीट करने का प्रयास किया गया, जिसमें उन्हें चोट भी आई है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना पूर्व नियोजित प्रतीत होती है।
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
फिलहाल विवादित भूमि पर निर्माण सहित किसी भी प्रकार के कार्य पर रोक लगा दी गई है।