बरहरवा। साहेबगंज जिला के मिर्जाचौकी थाना एवं गोड्डा जिला के ठाकुर गंगटी थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित मंडरो बाजार चौक पर गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। घटना के समय ही पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था, लेकिन क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
मामला गुरुवार को उस समय सामने आया जब मिर्जाचौकी के एक टोटो चालक के साथ मंडरो बाजार चौक पर दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। देखते ही देखते बात बढ़ गई और तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालांकि पुलिस समय पर मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद को सुलझा लिया गया।
घटना के मद्देनजर शुक्रवार को जुमा की नमाज के अवसर पर पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरती। मिर्जाचौकी थाना प्रभारी पवन कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर आफताब अंसारी एवं गोड्डा जिले के ठाकुर गंगटी थाना की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से मंडरो बाजार, तेतरिया, भगैया समेत आस-पास के क्षेत्रों में लगातार गश्त की। पुलिस बल अलर्ट मोड में रहते हुए किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टालने के लिए मुस्तैदी से तैनात है।