लातेहार। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के उपलक्ष्य में सरस्वती शिशु/मिथु विद्या मंदिर, लातेहार स्टेशन परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रीय गीत एवं पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) लातेहार के निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार और उपनिरीक्षक कुंदन कुमार सिंह की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव विवेक कुमार गुप्ता, पूर्व आचार्य अक्षयवट सिंह, प्रधानाचार्य राजबल्लम शर्मा तथा विद्यालय परिवार के सभी सदस्य भी इस अवसर पर मौजूद रहे। वरिष्ठ आचार्य विनय कुमार विश्वकर्मा ने अतिथियों का परिचय कराया।
इसके बाद राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रगीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। अतिथियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी गारंटी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में आचार्य पुरुषोत्तम वैद्य, धीरजन राम, अजीत कुमार, मुकेश कुमार, रविशंकर, धनंजय कुमार, खुशबू कुमारी, प्रीति कुमारी, खुशबू राठौर, पूजा कुमारी, रिंकू कुमारी, श्वेता कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालय प्रबंधन ने इसे राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक आयोजन बताया।