कोटालपोखर संवाददाता। साहिबगंज में आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस 2026 के गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन को लेकर समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों एवं संबंधित पदाधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और समन्वित रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विगत वर्षों की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी 15 अगस्त 2026 को मुख्य जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सिद्धो-कान्हू स्टेडियम, साहिबगंज में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं विद्यालयों में निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी सरकारी कार्यालयों, विभागों, सार्वजनिक संस्थानों एवं विद्यालयों के कार्यालय प्रधानों तथा प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि मुख्य जिला स्तरीय समारोह से पूर्व निर्धारित समय के अनुसार अपने-अपने कार्यालयों एवं विद्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्णतः पालन करने का भी निर्देश दिया।