लातेहार। बरवाडीह रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में चैनपुर (डालटनगंज) निवासी मिथिलेश कुमार (39) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि मिथिलेश कुमार बीडीएम सवारी ट्रेन से डालटनगंज से धनबाद जा रहा था । बरवाडीह स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के दौरान वह प्लेटफॉर्म पर समोसा खरीदने के लिए उतर गए। इसी बीच ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली। ट्रेन छूटता देख उन्होंने दौड़कर चलती बोगी में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों, रेलवे कर्मियों और आरपीएफ के जवानों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनुपमा एक्का एवं ड्रेसर राजेश चंद्र उर्फ बबलू की देखरेख में प्राथमिक उपचार किया गया। सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें एमएमसीएच भेजा गया।
वहीँ रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन खुलने के बाद उसमें चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें यह जानलेवा हादसे में बदल सकती है।