पाकुड़। पाकुड़ रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले हजारों रेल यात्रियों को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। मालगोदाम रोड स्थित फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के नीचे ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) स्थापित की जाएगी। इस संबंध में पूर्व रेलवे ने अनुमति प्रदान कर दी है।
इस सुविधा की पहल वार्ड पार्षद निभा देवी द्वारा की गई थी। उन्होंने यात्रियों को टिकट लेने में होने वाली परेशानी और लंबी कतारों से निजात दिलाने के उद्देश्य से रेलवे अधिकारियों के समक्ष प्रस्ताव रखा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है।
एटीवीएम लगने के बाद यात्रियों को सामान्य टिकट के लिए टिकट काउंटर पर लंबी लाइन में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी। यात्री स्वयं मशीन के माध्यम से कुछ ही मिनटों में टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी, भीड़ कम होगी और स्टेशन पर टिकट वितरण व्यवस्था भी अधिक सुगम बनेगी।
स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि स्टेशन के बाहर एटीवीएम लगने से विशेषकर कार्यालय आने-जाने वाले, छात्र-छात्राओं और दैनिक यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि मशीन शुरू होने के बाद टिकट लेने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।