रिपोर्टर: बरडीहा (गढ़वा) संवाददाता,
बरडीहा : उपायुक्त गढ़वा के निर्देश पर बरडीहा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में विशेष ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया गया। इस दौरान सेमरी, खरडीहा, जतरो बंजारी, बरडीहा, सलगा समेत कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में आए अधिकांश मामले भूमि विवाद, रास्ते के अतिक्रमण एवं आवागमन की समस्या से जुड़े थे। अंचल अधिकारी सह बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई की।
भुइयां समाज के रास्ते की समस्या पर त्वरित पहल
सुनवाई के दौरान सेमरी गांव के ग्रामीणों ने बताया कि भुइयां समाज के 8–10 परिवारों के पास आने-जाने के लिए कोई सुगम रास्ता नहीं है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रवीण कुमार सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और घोषणा की कि वे बुधवार सुबह 7 बजे स्वयं गांव पहुंचकर स्थल निरीक्षण करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को मौके पर उपस्थित रहने को कहा, ताकि जमीन व रास्ते की स्थिति देखकर स्थायी समाधान निकाला जा सके।
कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान
जनता दरबार में कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि जटिल मामलों में संबंधित राजस्व उपनिरीक्षकों एवं अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का पारदर्शी और त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी जायज समस्याओं के समाधान के लिए निडर होकर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय से संपर्क करें।