गोमिया से संवाददाता,
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) 2026 के तहत बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने गोमिया क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों का फील्ड दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे मतदाता सत्यापन कार्य का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने होसिर पश्चिमी, होसिर पूर्वी, कुन्दा, महुआटांड़, तुलबुल, ललपनिया, सियारी एवं गोमिया सहित कई पंचायतों का दौरा कर बीएलओ से मुलाकात की। उन्होंने फॉर्म-6, 7 और 8 की एंट्री, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मृत एवं डुप्लिकेट नाम हटाने की प्रक्रिया का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ से यह भी जानकारी ली कि कितने घरों का सत्यापन शेष है और कार्य में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं आ रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि 17 से 21 वर्ष के युवाओं, नई शादीशुदा महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
दौरे के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से भी संवाद किया और पूछा कि बीएलओ उनके घर पहुंचे हैं या नहीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से अपना नाम अवश्य जांचें।
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो एवं अंचलाधिकारी मो. अफताब आलम भी उपस्थित रहे। उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि एसआईआर लोकतंत्र की बुनियाद है। गोमिया में अब तक 90 प्रतिशत से अधिक सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है, शेष कार्य को भी शीघ्र पूरा कर त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जाए।