प्रशांत सिन्हा,
देवघर: महागामा में ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) के पत्रकार सुरक्षा कानून सह विचार मंच का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कराने के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव, प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार एवं बोकारो जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा तेनुघाट लौटते समय संध्या बेला में देवघर रुके।
तीनों पदाधिकारियों ने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुँचकर बाबा भोलेनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया। सौभाग्य से उस समय मंदिर परिसर में देवघर जेल से निकलने वाली पारंपरिक एवं ऐतिहासिक सिंगारी पूजा का आयोजन चल रहा था। AISMJWA के पदाधिकारी भी पूर्ण श्रद्धा भाव से इस दिव्य पूजा में सम्मिलित हुए।
पूजा के मध्य एक भावविभोर कर देने वाला दृश्य उपस्थित हुआ जब प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार ने बाबा बैद्यनाथ के सिंगार हेतु फूलों से निर्मित मुकुट को अपने कंधे पर धारण किया। यह पवित्र मुकुट देवघर जेल स्थित मंदिर से पूरे विधि-विधान एवं भक्ति भाव के साथ निकाला गया था। मुकुट लेकर चलते समय प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव, सुभाष कटरियार और प्रशांत कुमार सिन्हा सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने “बोल बम” तथा “बाबा बैद्यनाथ की जय” के गगनभेदी उद्घोष किए।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव एवं अन्य पदाधिकारियों ने जेलर प्रमोद कुमार के सहयोग और आत्मीय आतिथ्य सत्कार की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जेलर प्रमोद कुमार ने न केवल दर्शन में सुगमता प्रदान की, बल्कि सिंगारी पूजा की महत्ता से भी अवगत कराया। उनका व्यवहार अत्यंत सराहनीय रहा।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि महागामा सम्मेलन में पत्रकार सुरक्षा कानून और संगठन के विस्तार पर सार्थक चर्चा हुई। बाबा बैद्यनाथ से समस्त पत्रकार बंधुओं की सुरक्षा, कल्याण एवं संगठन की मजबूती की कामना की गई है।
प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार ने बताया कि जेल से निकलने वाली यह सिंगारी पूजा सदियों पुरानी परंपरा है। मान्यता है कि इसमें सम्मिलित होने से सभी कष्टों का निवारण होता है। बोकारो जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा ने कहा कि बाबा का आशीर्वाद लेकर संगठन अब दोगुने उत्साह से पत्रकार हित में कार्य करेगा।
दर्शन-पूजन एवं जेलर प्रमोद कुमार से भेंट के पश्चात तीनों पदाधिकारी तेनुघाट के लिए प्रस्थान कर गए।