पलामू:- उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी, पलामू दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम वेयर हाउस में सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव एवं तकनीकी उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने हेतु ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा एवं निगरानी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।ज्ञात हो कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित अंतराल पर ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया जाता है।