28 मई से 4 जून तक चलेगा विशेष अभियान, स्कूलों में नैपकिन वेंडिंग मशीन व इंसेनरेटर के नियमित संचालन पर जोर
पाकुड़ संवाददाता:
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, पाकुड़ अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं जल जीवन मिशन की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में स्वच्छता, माहवारी स्वास्थ्य प्रबंधन एवं ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने 28 मई 2026 से 4 जून 2026 तक चलने वाले “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान के सफल संचालन को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों सहित अन्य बालिका विद्यालयों में नैपकिन वेंडिंग मशीन एवं इंसेनरेटर का सुचारू संचालन और नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि किशोरियों एवं महिलाओं को बेहतर माहवारी स्वच्छता सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि माहवारी से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर करने के लिए पंचायत एवं ग्राम स्तर तक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। इस कार्य में आंगनबाड़ी सेविका, स्वास्थ्य सहिया, स्वयं सहायता समूह की दीदी और जलसहिया दीदी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के तहत किशोरियों और महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों एवं लड़कों को भी जागरूक किया जाएगा, जिससे परिवार और समाज में सकारात्मक व संवेदनशील माहौल बन सके। प्रखंड स्तरीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में ठोस कचरा प्रबंधन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने सुप्रीम कोर्ट की वर्ष 2026 की गाइडलाइन के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सोमवार तक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उप विकास आयुक्त के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जाए, ताकि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।