विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर 12 किशोरियों को मिला किशोरी किट, हर माह 28 को जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय
लातेहार:विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” कार्यक्रम के अंतर्गत “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” जागरूकता अभियान की शुरुआत शुक्रवार को लातेहार सदर प्रखंड कार्यालय सभागार में की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं यूनिसेफ के प्रतिनिधि द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि माहवारी स्वच्छता प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित निपटान की जानकारी देने तथा स्वास्थ्य संतुलन के लिए पौष्टिक आहार को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि अब हर माह की 28 तारीख को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान लातेहार सदर क्षेत्र की 12 किशोरियों को किशोरी किट प्रदान किया गया। इनमें खुशबू कुमारी, नेहा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी सहित अन्य किशोरियां शामिल रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि माहवारी कोई शर्म या छुपाने की बात नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन का एक सामान्य और प्राकृतिक हिस्सा है। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन से संबंधित शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर प्रखंड एवं अंचल स्तर की महिला कर्मी, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनवाड़ी सेविका एवं बड़ी संख्या में किशोरियां मौजूद थीं।