रांची। राज्य में बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी विद्यालयों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। जारी निर्देश के अनुसार अब राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी स्कूलों में कक्षाएं सुबह के समय संचालित की जाएंगी।
आदेश के मुताबिक, कक्षा केजी से लेकर कक्षा 8 तक की पढ़ाई सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक होगी, जबकि कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित की जाएंगी। यह नया समय 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और अगले आदेश तक लागू रहेगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी स्कूल समय के बाद भी दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
इस संबंध में संयुक्त सचिव मोईनउद्दीन खान द्वारा आदेश जारी किया गया है, जिसे विभागीय सचिव की स्वीकृति प्राप्त है। आदेश की प्रतिलिपि सभी संबंधित विभागों, उपायुक्तों एवं शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
गौरतलब है कि राज्य में इन दिनों लगातार बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए छात्रों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।