तेनुघाट। अग्निशमन सप्ताह के अवसर पर तेनुघाट अग्निशमन विभाग द्वारा बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में अग्नि शमालय पदाधिकारी अखिलेश्वर पासवान एवं प्रधान अग्नि चालक राजेश कुमार बरनवाल के नेतृत्व में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक विभिन्न स्थानों पर लोगों को आग से बचाव की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के तहत पेटरवार स्कूल, करमल स्कूल, करगली, फुसरो स्थित सिटी स्टाइल मॉल एवं विशाल मेगावाट मॉल समेत करीब 20 स्थानों पर पहुंचकर आम लोगों, छात्रों और कर्मचारियों को आग लगने के कारणों और उससे बचने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।
अग्निशमन पदाधिकारी अखिलेश्वर पासवान ने बताया कि अलग-अलग जगहों पर आग लगने के कारण और उसे बुझाने के तरीके भी अलग होते हैं। इसलिए लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सही तरीके से प्रतिक्रिया देकर बड़े हादसे को टाला जा सके।
उन्होंने लोगों से अपील की कि आग से संबंधित सुरक्षा उपायों को गंभीरता से अपनाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें।