पाकुड़ संवाददाता : पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। खनन क्षेत्र में तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार पिता और उसकी छोटी बेटी को कुचल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहरपुर निवासी सिदो किस्कू अपनी 8 साल की बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान लोकनाथ भगत के क्रशर प्लांट से तेज गति से निकल रही हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बेटी के सामने पिता की दर्दनाक मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि सिदो किस्कू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों और स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है और वे दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।