बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में एक पेंटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रेलवे क्रॉसिंग के समीप किराए के मकान में रह रहे मोइनुद्दीन उर्फ गंदौरी (58) का शव घर के पिछले हिस्से में बरामद किया गया।
मृतक हजारीबाग जिले के पिपचो का निवासी था और वर्षों से गोमिया में रहकर पेंटिंग का काम करता था। बताया जाता है कि जब सुबह देर तक घर में कोई हलचल नहीं हुई तो स्थानीय लोग पीछे के रास्ते अंदर गए, जहां गंदौरी को टूटी कुर्सी पर बैठे हुए मृत अवस्था में पाया गया। उनके सिर और कान पर गंभीर चोट के निशान थे और घटनास्थल पर खून से सनी लकड़ी भी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही गोमिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय ग्रामीणों ने घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो के अनुसार, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी है।