“जल महोत्सव – गाँव का उत्सव, देश का महोत्सव” का हुआ उद्घाटन
लातेहार : पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लातेहार के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “नीर नारी शक्ति” थीम पर जिला स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “जल महोत्सव – गाँव का उत्सव, देश का महोत्सव” के अंतर्गत रविवार 08 मार्च को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अल्का हेंब्रम, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता दीपक महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, जलसहिया एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले की सभी माताओं एवं बहनों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने जल संरक्षण एवं स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल महोत्सव के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता तथा जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त ने “नीर नारी शक्ति” की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि जल प्रबंधन और संरक्षण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता को मजबूती मिलती है।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा जल जीवन मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली जलसहिया एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इनकी भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि 08 मार्च से 22 मार्च 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में जल महोत्सव के तहत जागरूकता रैली, संवाद कार्यक्रम तथा जनभागीदारी आधारित कई गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिससे आमजन में जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मड़की मेरी, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के डीपीएम संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।