प्रेम कुमार साहू,
घाघरा: स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर घाघरा प्रखंड मुख्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ब्लॉक परिसर से एक शोभायात्रा निकाली गई जो विभिन्न मार्गों से होते हुए राजकीय हाई स्कूल मैदान में जनसभा के साथ संपन्न हुई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, समाजसेवी तथा आमजन शामिल हुए।
जनसभा को संबोधित करते हुए शिवकुमार भगत ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि विवेकानंद ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बताया था। उनके विचार और शिक्षा समाज में जागरूकता, सेवा और अनुशासन की भावना पैदा करते हैं।
वहीं अनिरुद्ध चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता को दुनिया के सामने गौरव के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को विवेकानंद के संदेश—“उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको”—को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ समाज सेवा और चरित्र निर्माण पर जोर देने की अपील की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन व दर्शन को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।