लातेहार स्थित बनवारी साहु महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रदीप कुमार तिवारी ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने यह निर्णय स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लिया है। अपने त्यागपत्र में उन्होंने बताया कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप के कारण चिकित्सकों ने उन्हें तनाव और अत्यधिक व्यस्तता से दूर रहने की सलाह दी है।
प्रदीप कुमार तिवारी ने प्रभारी प्राचार्य के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान नैक (NAAC) मूल्यांकन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। अब पुनः नैक मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने इस जिम्मेदारी को आगे निभाने में असमर्थता जताई है।
उन्होंने अनुरोध किया है कि उन्हें प्राचार्य के प्रभार से मुक्त कर केवल अंग्रेजी के सहायक प्राध्यापक के रूप में पठन-पाठन कार्य करने की अनुमति दी जाए। महाविद्यालय के सचिव द्वारा उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया गया है।