संवाददाता: लातेहार
लातेहार: जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ एक युवक और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपाचे मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-19B-0755) से बरवाडीह से ब्राउन शुगर खरीदकर पोखरी कुटमू की ओर बिक्री के लिए जा रहा है।
सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर बरवाडीह थाना पुलिस ने छापामारी दल का गठन किया। टीम ने कुटमू मोड़ के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल चालक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। मौके पर एक महिला सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। इस संबंध में बरवाडीह थाना कांड संख्या 49/26 दिनांक 24 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/22/27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।