लातेहार।बरवाडीह थाना क्षेत्र के मंगरा गांव की निवासी एवं वैदिक सोसाइटी की सक्रिय कार्यकर्ता रूबी कुमारी की सोमवार शाम धान कूटने वाली मशीन में फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मंगरा गांव में बिहारी ठाकुर के ट्रैक्टर से जुड़ी धान कूटने की मशीन के साथ काम करने के दौरान हुआ।
हादसे के तुरंत बाद परिजन एवं ग्रामीण रूबी कुमारी को शाम करीब 6 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरवाडीह लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज करने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।
मृतका का पोस्टमार्टम मंगलवार को सदर अस्पताल, लातेहार में किया गया। इस दौरान मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह भी मौजूद रहे।
रूबी कुमारी अपने परिवार में छह भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। वे बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर काफी सक्रिय रहती थीं और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।