Reported by Santosh Prasad,
मनिका:-प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बंदुआ गांव में स्थित प्राचीन देव स्थल के चारदीवारी निर्माण कार्य से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। वर्षों से प्रतीक्षित इस महत्वपूर्ण कार्य को कल्याण विभाग द्वारा कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में खुशी और संतोष का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि देव स्थल गांव की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। चारदीवारी के अभाव में मवेशियों का प्रवेश, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां तथा अन्य समस्याएं उत्पन्न होती रहती थीं। अब चारदीवारी निर्माण से देव स्थल सुरक्षित होगा और श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
इस कार्य को लेकर क्षेत्र की जनता, ग्राम प्रधान एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्राम प्रधान ने कहा कि यह कार्य न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे गांव की सांस्कृतिक विरासत भी संरक्षित होगी। वहीं मुखिया अनिता देवी ने बताया कि चारदीवारी निर्माण से देव स्थल की पहचान और गरिमा और अधिक बढ़ेगी, साथ ही आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपराओं से जुड़ने में भी मदद मिलेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के विकास कार्यों से गांव में सकारात्मक वातावरण बनता है और आपसी एकता मजबूत होती है। चारदीवारी बनने से यहां आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को भी सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया जा सकेगा।
वहीं विभागीय कनीय अभियंता शलिम अंसारी ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया और कार्य में लगे लाभुक समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मौके पर ग्राम पंचायत की मुखिया अनिता देवी, मुखिया पति सह समाजसेवी भरदुल सिंह, समाजसेवी रामसेवक उरांव, दामोदर यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष राजेश्वर यादव, अरविंद यादव, अजय प्रसाद, अशोक यादव, सीताराम साहू सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।