सिल्ली।
सिल्ली–बंता मार्ग पर कोकालगाम के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सिल्ली की ओर से बंता की तरफ जा रहे डंपर (संख्या JH-02BT-3217) ने विपरीत दिशा से आ रही स्कूटी (संख्या JH-01DE-8672) को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में लोआदाग निवासी मुरली महतो और उनके भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर के नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।