कोटालपोखर। प्रखंड क्षेत्र में सिद्धू–कान्हू हूल फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित होने वाले संथाल परगना स्थापना दिवस कार्यक्रम को जिला प्रशासन की गाइडलाइन से नाराज होकर स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में वंशज सह भाजपा नेता मंडल मुर्मू ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
मंडल मुर्मू ने बताया कि 22 दिसंबर को भोगनाडीह में संथाल परगना स्थापना दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसके लिए बीते 8 दिसंबर को अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज को आवेदन देकर अनुमति मांगी गई थी। हर वर्ष की भांति इस बार भी भोगनाडीह स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर गांव-गांव में संस्था के सदस्यों द्वारा प्रचार-प्रसार कर तैयारियां शुरू कर दी गई थीं।
उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर की रात जिला प्रशासन द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से गाइडलाइन भेजकर कार्यक्रम की अनुमति दी गई, लेकिन गाइडलाइन की शर्तों से संस्था नाराज है। गाइडलाइन में जुआ और शराब की दुकान नहीं लगाने, आवागमन बाधित न होने देने तथा कार्यक्रम संचालन के लिए संस्था के 30 सदस्यों का आधार कार्ड स्थानीय थाना में जमा करने जैसी शर्तें शामिल हैं।
मंडल मुर्मू ने आरोप लगाया कि प्रखंड क्षेत्र में अन्य कार्यक्रमों के दौरान खुलेआम जुआ और शराब की दुकानें लगती हैं, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। जबकि सरकार स्वयं शराब दुकानों को अनुमति देती है। उन्होंने कहा कि ऐसी गाइडलाइन के जरिए संस्था के खिलाफ साजिश रची जा रही है और संस्था के सदस्यों पर कार्रवाई की आशंका भी जताई।
उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होती है, लेकिन गाइडलाइन के नाम पर संस्था को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इन परिस्थितियों को देखते हुए संथाल परगना स्थापना दिवस पर होने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
मंडल मुर्मू ने भावुक शब्दों में कहा कि अमर शहीदों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, लेकिन जिला प्रशासन की गाइडलाइन से ऐसा प्रतीत होता है कि अमर शहीदों और संथाल समाज के लोगों का अपमान किया जा रहा है।