सिल्ली।राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 10 नवंबर से 26 नवंबर तक चल रहे कुष्ठ रोगी खोज अभियान (Lepra Case Detection Campaign) का निरीक्षण शुक्रवार को किया गया। इस क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिल्ली के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कोचों में संदिग्ध मरीजों की जांच की गई।
निरीक्षण टीम में जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. सीमा गुप्ता, डॉ. दीप शिखा, प्रखंड कुष्ठ नोडल पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार, चिकित्सा कर्मी राजेश कुमार, सहिया एवं स्थानीय ग्रामीण शामिल रहे।
स्वास्थ्य टीम ने संदिग्ध रोगियों की चिकित्सीय जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। साथ ही ग्रामीणों को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार और जागरूकता से संबंधित जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य शुरुआती चरण में रोगियों की पहचान कर उन्हें निशुल्क उपचार उपलब्ध कराना है।