लातेहार, 4 अक्टूबर।मनिका प्रखंड मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज के पासशुक्रवार सुबह करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक और पिकअप वैन की टक्कर में बरवाडीह प्रखंड के मोरवाईकला पंचायत के बढ़नियां गांव निवासी 35 वर्षीय कोमल टोपनो की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें लातेहार ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। कोमल टोपनो इलाके के जाने-माने खिलाड़ी और खेल शिक्षक थे। उनकी असामयिक मौत से खेल जगत और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलने पर मनिका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “कोमल टोपनो की मौत अपूरणीय क्षति है। उनका जाना खेल जगत और समाज के लिए बड़ा नुकसान है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।”