पंकज कुमार यादव,
गारू, लातेहार: गारू प्रखंड के पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक पश्चिमी वन क्षेत्र के मारोमाड वन विश्राम गृह में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता रंजीत कुमार ने की, जिसमें सर्वसम्मति से गारू प्रखंड पत्रकार संघ का गठन किया गया।
संघ के पदाधिकारियों के रूप में कृष्णा प्रसाद गुप्ता को अध्यक्ष, रंजीत कुमार को उपाध्यक्ष, आलोक कुमार सिंह को सचिव, और गोपी कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा, आदर्श कुमार, चंचल कुमार सिंह, निरंजन कुमार, राहुल कुमार और पंकज यादव को सदस्य नियुक्त किया गया।
बैठक में संघ के नव-निर्वाचित अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद गुप्ता ने पत्रकारों को रचनात्मक और सकारात्मक समाचारों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से समाज के गरीब एवं पिछड़े वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाएगा।
इसके अलावा, पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और परस्पर सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता को मजबूती मिले। बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।