रांची (संवाददाता):
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक-ए सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) एवं प्रारूप प्रकाशन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल
ceo.jharkhand.gov.in
पर जाकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम आसानी से खोज सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने निर्धारित अवधि में गणना प्रपत्र BLO को जमा नहीं किया है, वे प्रपत्र-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। वहीं, जिन मतदाताओं का नाम किसी अन्य मतदान केंद्र में चला गया है या परिवार के सदस्यों का नाम अलग-अलग केंद्रों पर है, वे प्रपत्र-8 के जरिए सुधार करवा सकते हैं।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक सुमन, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए सवालों का विस्तार से जवाब देते हुए पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन छात्र-छात्राओं की आयु 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे भी प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए जिला निर्वाचन शाखा, रांची द्वारा शैक्षणिक संस्थानों के Electoral Literacy Club के माध्यम से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां:
• प्रथम कैंप: 8 व 9 अगस्त 2026
• द्वितीय कैंप: 22 व 23 अगस्त 2026
• ग्रामसभा (SIR): 15 अगस्त 2026
प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने नाम की जांच एवं आवश्यक सुधार कराकर मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने में सहयोग करें।