पाकुड़ (संवाददाता):
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत करणघाटी गांव में पुलिस ने नकली शराब बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी तारेश साह को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका पुत्र जितेन साह फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि करणघाटी गांव में अवैध रूप से नकली शराब बनाकर बेची जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से छापेमारी करते हुए झोपड़ी से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की। मौके से रॉयल स्टैग ब्रांड के स्टीकर लगे 180 मिलीलीटर की 100 खाली कांच की बोतलें, 375 मिलीलीटर की 40 खाली बोतलें, 375 मिलीलीटर के स्टीकर का एक बंडल, 750 मिलीलीटर के 30 स्टीकर, 180 मिलीलीटर की 20 भरी हुई बोतलें और 150 प्लास्टिक ढक्कन बरामद किए गए।
इसके अलावा एक नीले रंग के प्लास्टिक जार में करीब 20 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई, जिसका इस्तेमाल नकली शराब बनाने में किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से करणघाटी निवासी तारेश साह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, तारेश साह अपने पुत्र जितेन साह के साथ मिलकर यह अवैध कारोबार चला रहा था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।